Jamshedpur. टेल्को थाना क्षेत्र के रिंग रोड के समीप बुधवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूली बच्चों से भरा पैसेंजर ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो सवार आठ बच्चे घायल हो गये। सभी घायल बच्चे टेल्को स्थित गुरु नानक स्कूल के विद्यार्थी बताये जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्कूली बच्चे पैसेंजर ऑटो संख्या JH05Z 3841 से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार संख्या JH05DJ 3955 ने अनियंत्रित होकर ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार एक महिला चला रही थी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो में बैठे बच्चे चोटिल होकर चीखने-चिल्लाने लगे। हादसे में अमृता कुमारी, गुरप्रीत कौर, रोहित कुमार, आशीष गुप्ता, मोहित गुप्ता, रिचा कुमारी और अनुष्का कुमारी समेत आठ बच्चे घायल हो गये। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गयी। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल जानने में जुट गये। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस से फरार कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार कार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।