Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: बिरसानगर में प्रेम-प्रसंग के बाद युवक 15 दिनों से लापता, परिजनों को अनहोनी की आशंका, पुलिस से तलाश और कार्रवाई की गुहार

Jamshedpur. बिरसानगर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है. एक युवक के पिछले 15 दिनों से लापता होने के बाद उसके परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है. परिवार का आरोप है कि एक युवती युवक को अपने साथ ले गई थी. इसके बाद एक लाख रुपये की मांग की गई और मांग पूरी नहीं होने पर युवक के साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाया गया. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

युवक के पिता मनोज तांती के अनुसार, उनका पुत्र रोहित तंतुवाइ तीन सितंबर को कदमा रिंग रोड निवासी श्वेता महतो को अपने घर लेकर आया था. दोनों ने शादी करने की बात कही. नाबालिग होने के कारण परिवार दोनों को बिरसानगर थाना ले गया, जहां से उन्हें कदमा थाना भेज दिया गया. बाद में दोनों को परिजन अपने-अपने घर ले आए. 10 सितंबर को युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
परिजनों का आरोप है कि 11 सितंबर को युवती दोबारा रोहित के घर पहुंची और केस करने की धमकी देकर उसे अपने साथ ले गई. इसके बाद दोनों बिरसानगर में किराये के मकान में रहने लगे.

कुछ समय बाद युवती ने रोहित के परिवार से एक लाख रुपये की मांग की. परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वे रुपये नहीं दे सके. रोहित के परिजनों का आरोप है कि रुपये नहीं मिलने पर युवती ने अपने परिजनों और महिला समिति के सदस्यों के साथ मिलकर रोहित को बंधक बनाया और उसके साथ मारपीट की. परिवार के मुताबिक, रोहित पिछले 15 दिनों से लापता है और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है.

परिजनों ने युवक के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से उसकी जल्द तलाश करने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल, युवक के लापता होने और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Exit mobile version