Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: भुइयांडीह में पत्थरबाजी और एयर गन से फायरिंग मामले में आरोपी गिरफ्तार, CCTV फुटेज से सामने आया मामला, हथियार बरामद

Jamshedpur. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह ब्राह्मण टोला में पवन पांडे के घर और दुकान पर पत्थरबाजी करने तथा एयर राइफल से फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी प्रमोद दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एयर राइफल भी बरामद की है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे की है। पवन पांडे ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि प्रमोद दुबे अपने कुछ साथियों के साथ उनकी दुकान के पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपियों ने जमकर पत्थरबाजी की, जिससे दुकान के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। शिकायतकर्ता ने प्रमोद दुबे पर एयर राइफल से फायरिंग करने का भी आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद सिदगोड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज मिला। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसके घर से घटना में इस्तेमाल की गई एयर राइफल बरामद कर ली।

इसके बाद पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे प्रमोद दुबे को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पवन पांडे ने उससे व्यापार करने के लिए कुछ रुपये उधार लिए थे। काफी समय बीतने के बाद जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो पवन टालमटोल करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने गुस्से में आकर अपने साथियों के साथ घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

Exit mobile version