Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: बागबेड़ा पुलिस ने अपराधी अनुप बंगाली को किया गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 17 से अधिक मामले

Jamshedpur बागबेड़ा थाना पुलिस ने लंबा आपराधिक इतिहास रखने वाले अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों के अलावा रेलवे और पश्चिम बंगाल में भी कई मामले दर्ज रहे हैं. शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिटी एसपी ललित मीना ने पूरे मामले की जानकारी दी. सिटी एसपी के अनुसार 1 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा मैदान में अनुप चक्रवर्ती अपने सहयोगियों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.

पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की. इस दौरान अनुप चक्रवर्ती को पकड़ लिया गया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोहे का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार अनुप चक्रवर्ती के खिलाफ कुल 17 पुराने मामलों का उल्लेख किया गया है. इनमें बागबेड़ा थाना के कई मामलों के साथ बिष्टुपुर, जुगसलाई, साकची, बर्मामाइंस, चाकुलिया और परसुडीह थाना के अलावा रेलवे से जुड़े मामले भी शामिल हैं. इनमें आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले शामिल हैं.

Exit mobile version