Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: 4 दिन से लापता छात्रा का शव बंद खदान में मिला शव, परिजनों और ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; खदान मालिक से मुआवजे की मांग

Jamahedpur. पूर्वी सिंहभूम के पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलपुर के लायाडीह गांव में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब छह महीने से बंद पड़ी पत्थर खदान के गहरे पानी से चार दिनों से लापता 14 वर्षीय छात्रा का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान कनकलता मुर्मू के रूप में हुई है। वह रविंद्र मुर्मू की बेटी और गेरुवाला उत्क्रमित मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, कनकलता मंगलवार को रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार की ओर से गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज नहीं कराई गई थी। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने बंद खदान के पानी में शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर कमलपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद शुक्रवार शाम शव को खदान से बाहर निकाला गया। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन बाद में परिजनों ने उसकी पहचान कनकलता मुर्मू के रूप में की l

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस-प्रशासन को घेर लिया। ग्रामीणों की मांग थी कि खदान मालिक को मौके पर बुलाया जाए, मृतका के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और खदान में बने गहरे गड्ढों को भरा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि खुले और पानी से भरे खदान के गड्ढे जानलेवा साबित हो सकते हैं।

मौके पर पहुंचे पटमदा सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार लायाडीह की पत्थर खदान पिछले छह महीने से बंद है। खदान से संबंधित मामला हाईकोर्ट में भी लंबित है। पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि शव को पानी से बाहर निकाल लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version