
Jamshedpur. जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मिल एरिया में शुक्रवार को एक वेल्डिंग दुकान में सिलेंडर फट गया. विस्फोट के समय दुकान में अलाउद्दीन नाम का मजदूर वेल्डिंग का काम कर रहा था, जो झुलस गया. सिलेंडर में हुए विस्फोट से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. धमाके से दुकान के पास खड़े एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. ट्रक का बोनट और विंडशील्ड टूट गए। आसपास खड़े कई दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए. दुकान की दीवारों में दरारें आ गईं. विस्फोट में मजदूर अलाउद्दीन गंभीर रूप से झुलस गया है। वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया.उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
