
Jamshedpur. टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) के अथक प्रयासों से 114 बेड वाले अत्याधुनिक कैंसर रेस्ट हाउस का सपना साकार हुआ है। कैंसर पीड़ितों एवं उनके परिजनों के लिए राहत और उम्मीद की नई किरण बनने वाले इस भवन का उद्घाटन दीपावली के पावन अवसर पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी (टुन्नू चौधरी) ने संयुक्त रूप से किया।इस रेस्ट हाउस में आधुनिक सुविधाओं एवं केबिन के साथ 114 बेड की व्यवस्था है, जिससे मरीजों और परिजनों को आरामदायक वातावरण मिलेगा।
यह प्रोजेक्ट टिमकेन फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) द्वारा संयुक्त रूप से वित्तपोषित है, जबकि संचालन की जिम्मेदारी टीडब्ल्यूयू को सौंपी गई है। इस अवसर पर यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, सभी पदाधिकारी एवं कई यूसीएम उपस्थित रहे। टाटा स्टील के निरंतर सहयोग और यूनियन के प्रयासों से यह जनहितकारी सपना साकार हुआ है। टीडब्ल्यूयू ने इस पुनीत कार्य के लिए टाटा स्टील प्रबंधन का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।