Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: साकची गोलचक्कर पर किन्नर समुदाय और ट्रैफिक पुलिस में भिड़ंत, थम गई ट्रैफिक, जमकर हुआ हंगामा

Jamshedpur. जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर शुक्रवार शाम किन्नर समुदाय के कुछ सदस्यों और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। इस दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई। बताया जा रहा है कि किन्नर समुदाय के कुछ लोग साकची गोलचक्कर के पास एक ऑटो में बैठे थे। यातायात प्रभावित होने पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने ऑटो हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान पुलिस की ओर से कथित रूप से बल प्रयोग किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इसके बाद विवाद और बढ़ गया और किन्नर समुदाय के सदस्यों ने सड़क पर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

हंगामे के कारण साकची गोलचक्कर पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल विवाद की शुरुआत कैसे हुई और पूरे घटनाक्रम में किस पक्ष की क्या भूमिका रही, इसकी वास्तविक स्थिति पुलिस के आधिकारिक पक्ष और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version