
Jamshedpur. सेवानिवृत्त टाटा स्टीलकर्मी सरोज कुमार पत्नी पूर्णिमा देवी के साथ बाइक से बाजार जा रहे थे, तभी पत्नी के गले से सोने की चेन की छिनतई कर ली गयी. बाइक सवार बदमाशों ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वारदात को अंजाम दिया. घटना साकची थाना क्षेत्र के बाराद्वारी मोड़ के बाद पास की है. वारदात के बाद सरोज कुमार और उनकी पत्नी पूर्णिमा देवी ने शोर मचाया, लेकिन जबतक लोग समझ पाते बदमाश फरार हो गये. बाइक पर दो युवक सवार थे. घटना के बाद उन्होंने मामले की शिकायत साकची थाना में की. जानकारी मिलने पर उनके घरवाले भी साकची थाना पहुंचे. सरोज कुमार की बेटी अंकिता कुमारी ने बताया चेन की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये होगी. पुलिस से उन्होंने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज दिखाने को कहा, ताकि बदमाश की पहचान की जा सके. अंकिता ने कहा कि मम्मी ने बदमाशों का चेहरा देखा था, लेकिन देर शाम तक पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाया. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.
