Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Crime: मानगो में पड़ोसियों पर मां-बेटी पर हमला करने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

Jamshedpur. मानगो ऑफिस रोड की मां- बेटी ने अपने पड़ोसी सुनील गौड़, सूरज गौड़,पप्पू गौड़,रौनक गौड़ ,अरुण गौड़, ढ़ाबू गौड़ व अन्य के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास करने, कपड़ा फाड़ने और जान मारने की नियत से मारपीट करने का आरोप लगाया. पीड़िता ने मानगो पुलिस को सूचना दी है. घटना सोमवार की सुबह करीब 11 बजे की है. पीड़िता ने बताया कि उनके घर के पास एक मंदिर है. सोमवार सुबह उनकी मां अपने घर का आंगन धो रही थी, जिसका पानी बह कर मंदिर के गेट तक पहुंच गया. इसी बात को लेकर सुनील गौड़, सूरज गौड़, पप्पू गौड़, रौनक गौड़ ,अरुण गौड़, ढ़ाबू गौड़ व उसके परिवार के अन्य युवक उसके घर पर आकर गाली गलौज करने लगा.

जब महिला ने उसका विरोध किया तो सभी लोगों ने उसे जबरन खींच कर घर से बाहर निकाला और उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया. इस दौरान जब पीड़िता अपनी मां को बचाने के लिए आयी तो सभी ने मिल कर उसके साथ भी दुष्कर्म करने का प्रयास किया. बीच बचाव करने आये उसके जीजा और चाचा की भी पिटाई कर दी. मानगो पुलिस पहुंची और युवती और उसकी मां को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर आयी. युवती की मां ने बताया कि पड़ोसी कई दिनों से परेशान कर रहे हैं. वे लोग जबरन उन लोगों की जमीन को हड़पना चाहते हैं. इस बात को लेकर वे लोग पूर्व में भी उनके साथ विवाद करते रहते है. वहीं मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं की है. आवेदन के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी.

Exit mobile version