
Jamshedpur. वाहनों से लूटपाट की योजना बनाते दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस दौरान उनके तीन अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर जंगल के रास्ते भागने में सफल रहे. गिरफ्तार युवकों में गोलमुरी टुइलांडूंगरी का जसपाल सिंह और साकची काशीडीह का राजदीप सिंह शामिल है. लवप्रीत सिंह, योगेन्द्र सिंह और गुरुदेव सिंह भाग निकलने में सफल रहे. पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के पास से लोडेड पिस्तौल, चाकू के अलावा अन्य सामान और कार जब्त की है. फरार लवप्रीत सिंह के खिलाफ गोलमुरी, एमजीएम, बिष्टुपुर समेत कई थानों में लूट, फायरिंग और चोरी की प्राथमिकी दर्ज है. डीएसपी पटमदा वचनदेव कुजूर और एमजीएम थाना प्रभारी रामबाबू मंडल ने यह जानकारी दी. फरार लवप्रीत सिंह और योगेन्द्र सिंह क खिलाफ अलग-अलग थाना में केस दर्ज है. जब्त कार राजदीप सिंह की है. गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
