Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: बिरसानगर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र पर पहुंचे DC, छूटे हुए पात्र मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाने का निर्देश

Jamshedpur. विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र (48) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिरसानगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र संख्या-89 पर पहुंचकर प्राप्त प्रपत्रों और उनके साथ संलग्न दस्तावेजों की गहन जांच की। उपायुक्त ने प्रपत्रों में दर्ज विवरणों का सत्यापन किया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रही प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद उपायुक्त बिरसानगर के मतदान केंद्र संख्या-106 क्षेत्र में पहुंचे, जहां ‘होम टू रोल’ वेरिफिकेशन अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाता सूची का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर परिवार के सभी 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन नागरिकों को विशेष रूप से चिह्नित करने पर जोर दिया गया, जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

छूटे हुए मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाने का निर्देश
उपायुक्त राजीव रंजन ने मौके पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिया कि मतदाता सूची से छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों से तत्काल फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम सूची में जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सत्यापन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन में अनावश्यक विलंब नहीं करने और पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया। उपायुक्त ने निर्वाचन कार्य में लगे कर्मियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान ईआरओ सह धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित बीएलओ और निर्वाचन शाखा के कई अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Exit mobile version