Jamshedpur. आजादनगर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित महतो के रूप में हुई है। वह मूल रूप से धनबाद जिले के जामाडोबा का रहने वाला था। बताया जाता है कि वह करीब 10 से 15 दिन पहले ही जमशेदपुर आया था और अपने रिश्तेदार के घर रहकर रोजगार की तलाश कर रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम रोहित घर में अकेला था। इसी दौरान उसके दोस्त वहां पहुंचे। दोस्तों ने युवक को फंदे से लटका देखा तो तत्काल मकान मालिक को इसकी सूचना दी। इसके बाद मकान मालिक के कहने पर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को फिलहाल मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी मृतक के दोस्तों ने प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले की आशंका जताई है।

उनका कहना है कि युवक के मोबाइल फोन पर हुई चैटिंग के आधार पर उन्हें इस तरह की आशंका हुई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रोहित की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

