Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: हाइवे की मरम्मत में लगी हाइड्रा से कुचलकर बुजुर्ग की मौत, लोगों का फूटा गुस्सा, NH 33 किया जाम

Jamshedpur. एमजीएम थाना अंतर्गत मुखियाडांगा में सड़क हादसे में 60 वर्षीय कालीपदो कर्मकार की मौत के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिल रहा है। हादसे से नाराज करीब ग्रामीण एनएच पर उतर आए हैं और सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए हैं। दरअसल, एनएच पर मरम्मत कार्य में लगी तेज रफ्तार हाइड्रा की चपेट में आने से कालीपदो कर्मकार की दर्दनाक मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि वह अपनी बेटी के घर से पैदल अपने घर मुखियाडांगा लौट रहे थे। इसी दौरान डिमना से घाटशिला की ओर जा रही हाइड्रा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को करीब 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक उचित मुआवजे का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक एनएच से जाम नहीं हटाया जाएगा। वहीं, एमजीएम थाना पुलिस की ओर से ग्रामीणों को बातचीत और फैसला करने के लिए थाने चलने की बात कही जा रही है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं।

मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और तीन बेटों को छोड़ गए हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की मांग है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में गंभीरता दिखाएं, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाएं और परिवार को न्याय मिले।

Exit mobile version