Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: पिता मां को ट्रेन पकड़ाने टाटानगर स्टेशन गये थे, बेटे ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, यह है वजह?

Jamshedpur. टेल्को थाना क्षेत्र के बजरंगी बागान में गुरुवार की रात 16 वर्षीय किशोर ऋतुराज सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गयी. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक के पिता ने बताया कि वे अपनी पत्नी को ट्रेन पकड़वाने टाटानगर स्टेशन छोड़ने गए हुए थे, जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था. आवाज़ देने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. आशंका होने पर वे छत के रास्ते से घर के भीतर झांके तो देखा कि उनका बेटा कमरे में पंखे से लटका हुआ है. आनन-फानन में उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा और बेटे को फंदे से नीचे उतारा.

इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए तत्काल टीएमएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ऋतुराज को मृत घोषित कर दिया. ऋतुराज सिंह कक्षा 10 का छात्र था. सूचना पाकर टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया.

Exit mobile version