Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: बस में मछली लोड करने के दौरान हाइवा ने मारी टक्कर, दो लोगों की दर्दनाक मौत

Jamshedpur.एमजीएम थाना क्षेत्र के नारगा चौक के पास शनिवार तड़के करीब एक बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार, रांची से कोलकाता जा रही एक बस नारगा चौक के पास खड़ी थी। बस के समीप मछली लोड करने का काम चल रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक वाहन का खलासी भी शामिल बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान अर्जुन और अबोद के रूप में हुई है। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है।

दोनों शवों का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। पुलिस फरार हाइवा और उसके चालक की पहचान करने के साथ उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।

Exit mobile version