
Jamshedpur. आज़ादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-16 में शुक्रवार देर शाम नशे में धुत्त स्कॉर्पियो चालक ने बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों को हल्की चोट आयी है. हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया. स्कॉर्पियो मानगो की ओर से परडीह की दिशा में जा रही थी. इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े दो युवकों व एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद वाहन बिजली के खंभे से टकराने के बाद रुक गया. टक्कर लगने से घायलों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजकर प्राथमिक इलाज कराया गया.
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जब चालक को गाड़ी से बाहर निकाला, तो पाया कि वह पूरी तरह शराब के नशे में था. लोगों ने गुस्से में आकर उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
पुलिस चालक को भीड़ से बचाकर आज़ादनगर थाना ले गई. थाना प्रभारी ने बताया कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था. वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने तथा सड़क दुर्घटना से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
