Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: जमशेदपुर के विकास को लेकर टाटा स्टील के MD से मिले JMM नेता कुणाल षाड़ंगी, ट्रैफिक से लेकर एयरपोर्ट तक के उठाए मुद्दे

Jamshedpur.झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल CEO एवं मैनेजिंग डायरेक्टर टी. वी. नरेंद्रन से मुलाकात कर जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। बैठक में शहर की ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों के लिए अलग ट्रैफिक कॉरिडोर तथा जाम की समस्या पर चर्चा हुई। इसके अलावा धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने और इसके निर्माण में टाटा समूह से सहयोग की अपील की गई। कुणाल षाड़ंगी ने पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में नॉन-प्रॉफिट जनरल अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक रूप से सक्षम मरीजों से प्राप्त भुगतान का उपयोग जरूरतमंदों की सहायता में करने का सुझाव दिया। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में वैकल्पिक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। साथ ही कमर्शियल और भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री समय की समीक्षा तथा बेहतर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया गया।

कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि इन पहलों से जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम में व्यापार, पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और आम नागरिकों की सुविधाओं को बढ़ावा मिल सकता है।

Exit mobile version