Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR : आदित्यपुर की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

Jamshedpur : जमशेदपुर के आदित्यपुर फेज-2 में स्थित एक प्लास्टिक ग्लास बनाने वाली फैक्ट्री (अंजनी प्लांट) में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया. प्लांट में प्लास्टिक ग्लास बनाने का कच्चा माल (रॉ मैटेरियल) बड़ी मात्रा में मौजूद था, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सारा सामान जलकर राख हो गया.

फैक्ट्री में लगी आग से काले धुएं का गुबार चारों ओर फैल गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी और इलाके में हड़कंप मच गया.
सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं. स्थानीय लोग भी आग बुझाने में मदद कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है.

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस घटना में फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

Exit mobile version