Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: टाटा-बादामपहाड़ रेलखंड पर शरारती तत्वों ने लगाई आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Jamshedpur.पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत टाटा-बादामपहाड़ रेलखंड पर शरारती तत्वों द्वारा रेलवे ट्रैक के बीचोंबीच पुआल जलाकर आग लगा देने का मामला सामने आया है। घटना सिदिरसाई हॉल्ट से करीब 300 मीटर पहले धरूवालुपूंग माहालिडिपा-दामूडिह रेलवे फाटक के पास की है। आग की लपटें देखकर मेमू पैसेंजर ट्रेन के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी। इसके बाद ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। इस दौरान ट्रेन करीब 10 मिनट तक घटनास्थल पर रुकी रही।
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से शाम छह बजे रवाना हुई ट्रेन जब सिदिरसाई हॉल्ट के पास पहुंची, तो चालक को रेलवे ट्रैक पर आग की लपटें दिखाई दीं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल ट्रेन रोक दी। ट्रेन में सफर कर रहे स्थानीय यात्री धनंजय सरदार, निवासी जोजोडीह (टांगराईन, पोटका) ने बताया कि शुरुआत में आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें लगा कि वहां दाह संस्कार किया जा रहा है। लेकिन ट्रेन से उतरकर देखने पर पता चला कि रेलवे ट्रैक के बीच पुआल जलाया गया है। इसके बाद यात्रियों और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाई। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से उसके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हालांकि, रेलवे ट्रैक पर आग लगाने वाले शरारती तत्वों की पहचान नहीं हो पाई है और न ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा हुआ है। घटना ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version