जमशेदपुर: खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में टाटा स्टील ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कंपनी द्वारा नवनिर्मित अत्याधुनिक टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर का औपचारिक उद्घाटन किया गया। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम ने लाल पर्दा हटाकर और पट्टिका का अनावरण कर सेंटर का शुभारंभ किया।

इसी अवसर पर 2nd झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का समापन भी हुआ। प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अंशिका महाजन का दबदबा, महिला और जूनियर वर्ग में जीते खिताब
पूर्वी सिंहभूम की अंशिका महाजन ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 बालिका, अंडर-19 बालिका और महिला एकल के खिताब अपने नाम किए।
महिला एकल फाइनल में अंशिका ने धनबाद की सृजनी चटर्जी को 4-0 से हराया। अंडर-19 बालिका फाइनल में उन्होंने रांची की सान्वी सिन्हा को भी 4-0 से शिकस्त दी। वहीं अंडर-17 बालिका फाइनल में अंशिका ने स्वर्णली माजी को 3-1 से पराजित किया।
पुरुष एकल में शत्रुंजय चक्रवर्ती बने चैंपियन
पुरुष एकल का फाइनल सबसे रोमांचक मुकाबलों में रहा। रांची के शत्रुंजय चक्रवर्ती ने पूर्वी सिंहभूम के मृण्मय प्रधान को कड़े मुकाबले में 4-3 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।
अंडर-15 बालिका एकल में स्वर्णली माजी ने अनन्या साहा को 3-1 से हराया। अंडर-15 बालक एकल में रांची के अरित्रो डे ने अलीशाद खान को 3-1 से पराजित किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में अलीशाद खान ने अर्थ घोष को 3-0 से हराकर खिताब जीता। अंडर-19 बालक वर्ग में हजारीबाग के अर्णव अग्रवाल ने रांची के अर्थ घोष को 4-2 से हराया।
विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र
समापन समारोह में सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुकुल चौधरी, कैप्टन मनीष सिन्हा, ओ.पी. मिश्रा, जे.के. सिन्हा, समरजीत सिंह, प्रवेश नारंग, विवेक तुलस्यान (मेपल), सुदीप्तो मुखर्जी और कमलेश दुबे समेत खेल विभाग से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।


