लंबित कांडों के निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अवैध हथियार व ड्रग्स तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश
जमशेदपुर। शहर में संगठित अपराध पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (नगर) ललित मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में संगठित अपराध से जुड़े मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर पुलिस उपाधीक्षक के अलावा बर्मामाइंस, साकची, गोलमुरी और टेल्को थाना प्रभारी तथा बिरसानगर और गोविंदपुर के थाना प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।
अवैध हथियार और ड्रग्स तस्करों पर कार्रवाई के निर्देश
सिटी एसपी ने अवैध हथियारों की तस्करी और ड्रग्स पेडलरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों को लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
डिजिटल पुलिसिंग की प्रगति की समीक्षा
बैठक में पुलिसिंग से जुड़ी डिजिटल प्रणालियों की प्रगति का भी आकलन किया गया। इसमें CCTNS, ICJS, IIF-5 और e-Sakshya के उपयोग एवं कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को इन प्रणालियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान देने को कहा गया।
छठ पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
आगामी छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया
