Jamahedpur. लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा 2026 को लेकर जमशेदपुर जिला यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। शहर के 20 प्रमुख छठ घाटों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों को निर्धारित किया गया है, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। यातायात पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) कार्यालय की ओर से जारी योजना के अनुसार, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ा करना होगा।
सड़क पर या निर्धारित पार्किंग से बाहर वाहन खड़ा करने पर यातायात पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। यातायात डीएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि छठ पर्व के दौरान कहीं भी सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
मरीन ड्राइव एवं कदमा क्षेत्र: बेली बोधनवाला घाट (बिष्टुपुर) जाने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग घाट जाने वाले रास्ते के सामने सड़क किनारे एवं खाली स्थानों पर होगी। बड़े वाहनों को खरकई पुल पुलिस पोस्ट के बगल में खड़ा किया जाएगा। मरीन ड्राइव स्थित कपाली घाट, ग्रीन पार्क घाट, सती घाट, रामजनम नगर रोड नंबर-09 घाट और बच्चा सिंह छठ घाट के श्रद्धालु सर्विस रोड के किनारे सिंगल लाइन में वाहन पार्क करेंगे। दोमुहानी घाट के लिए जेएनएसी पार्क में कार एवं दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी।
साकची, भुइयांडीह, जुगसलाई एवं बागबेड़ा: स्वर्णरेखा गांधी घाट और हाथी घोड़ा मंदिर घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन विवेकानंद स्कूल मैदान में पार्क होंगे। पाण्डेय घाट (भुइयांडीह) के लिए दुर्गा पूजा मैदान निर्धारित किया गया है। शिव घाट (जुगसलाई) जाने वाले वाहन संत जॉन स्कूल परिसर और अन्य वाहन विंध्यवासिनी मंदिर के समीप पार्क होंगे। बड़ौदा घाट (बागबेड़ा) के लिए सिद्धो-कान्हू मैदान और डीबी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सिदगोड़ा, टेल्को एवं डिमना लेक: सूर्य मंदिर (सिदगोड़ा) जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन टाउन हॉल के बगल वाले मैदान में पार्क होंगे। हुडको डैम (टेल्को) के लिए हुडको पार्क के सामने और हुरलुंग घाट के लिए सुवर्णरेखा नदी के सामने स्थित मैदान में पार्किंग होगी। लक्ष्मी नगर मकदम घाट पर श्रद्धालु सड़क किनारे सिंगल लाइन में वाहन खड़ा करेंगे। डिमना लेक छठ घाट के लिए डिमना लेक मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है।
