Jamshedpur. बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन प्रेक्षागृह में बुधवार को जमशेदपुर पुलिस की ओर से जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शामिल जोनल आइजी अखिलेश झा ने कहा कि पुलिस और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं. सफल पुलिसिंग के लिए समाज के लोगों का सहयोग जरूरी है. ऐसे में जनता को अगर लगता है कि समाज में कुछ गलत हो रहा है तो उसकी सूचना पुलिस को जरूर दें. अगर जनता को डर लगता है कि उनका नाम या फोन नंबर से परेशानी हो सकती है. तो जनता गुमनाम चिट्ठी लिखकर जानकारी दे.
पुलिस अवश्य कार्रवाई करेगी. जोनल आइजी अखिलेश झा ने कहा कि अगर कोई भी शिकायतकर्ता आपके थाना में शिकायत लेकर आता है या फोन पर कोई शिकायत करता है तो पुलिसकर्मी उसके साथ अच्छा व्यवहार करें. अच्छा व्यवहार नहीं करने की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि लोग अब ऑनलाइन भी शिकायत कर सकते हैं. हर शिकायत पर पुलिस अपना काम करती है.

एसएसपी ने बताया कि शिकायत की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर संबंधित थाना प्रभारी को देनी है. कार्यक्रम में आने वाले सभी शिकायतों को संबंधित थाना को भेजा जाता है. उसकी मॉनिटरिंग के लिए कोषांग भी बनाया गया है. जोनल आइजी और एसएसपी ने संयुक्त रूप से डीएसपी को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जमीन, घरेलू हिंसा की ज्यादा शिकायत
कार्यक्रम में विदेश में नौकरी लगाने के नाम पर सैंकड़ों लोगों से ठगी का मामला भी आया. पीड़तों ने आइजी को हयात कंसलटेंसी कंपनी द्वारा नौकरी लगाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी के बारे में बताया. पीड़ित ने बताया कि उन लोगों में से कई का पासपोर्ट भी उनके पास ही है. जिसे देने से वे मना कर रहे हैं. शिकायत सुनने के बाद आइजी ने दाे दिन के भीतर कार्रवाई करने का आदेश साकची थाना को दिया.
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में बागबेडा पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव ने बागबेडा थाना के जर्जर भवन की जगह नया भवन निर्माण की मांग की. जोनल आइजी अखिलेश झा ने जल्द से जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.