Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Politics: जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा दास ने शुरू किया चुनाव प्रचार, सबसे पहले वरिष्ठ भाजपाइयों के घर पहुंचीं, मांगा जीत का आशीर्वाद

Jamshedpur. पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा दास साहू ने रविवार से अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया. सबसे पहले भाजपा के वरिष्ठजनों व उनके परिजनों से जाकर मुलाकात की व पैर छूकर आशीर्वाद लिया. पूर्णिमा दास साहू ने अपने अभियान के क्रम में पार्टी के वरीय नेता रामबाबू तिवारी के बर्मामाइंस स्थित रघुवर नगर में जाकर मुलाकात की. रामबाबू तिवारी ने भी उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया. पूर्णिमा अपने ससुर रघुवर दास के सबसे पुराने परिचित साथी टुइलाडुंगरी निवासी मिथलेश सिंह यादव और अंचितम दास गुप्ता अप्पूदा के घर पहुंचीं. उन्होंने भी पूर्णिमा का स्वागत करते हुए साथ देने का वादा किया. भाजपा प्रत्याशी पूर्णिमा दास साहू काशीडीह में भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह के घर पर पहुंचीं. यहां पूर्णिमा साहू ने अभय सिंह की माताजी का पैर छूकर आशीर्वाद लिया. इस दौरान वहां भाजपा नेता अभय सिंह, उनके बड़े भाई दिलीप सिंह, निर्भय सिंह व परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे. पूर्णिमा दास साहू पारडीह काली मंदिर के महंथ विद्यानंद सरस्वती का आशीर्वाद लेने पहुंचीं. भाजपा प्रत्याशी के दौरे में उनके साथ अलग-अलग मंडलों के पदाधिकारी व सक्रिय कार्यकर्ता शामिल थे.

Exit mobile version