Jamshedpur: जमशेदपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायत क्षेत्रो में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही समस्या को लेकर आज बागबेडा कॉलोनी पंचायत के उपमुखिया संतोष ठाकुर,भाजपा नेता सूरज ओझा और छात्र नेता वीरेंद्र कुमार नें संयुक्त रूप से ग्रामीणों के साथ जमशेदपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर एक मांग पत्र सौंपा.

मांगपात्र सौपते हुए सभी ने इस गंभीर समस्या के बारे में बीडीओ को अवगत करवाया और कहा की पिछले 6 माह से भी अधिक समय से मुखिया, पंचायत सचिव एवं आंगनबाड़ी सेविका के पास चककर लगा रहे है मगर नये नियम का हवाला देते हुए उनसे टीकाकरण का कागज माँगा जाता है.
ऐसे में यदि किसी बच्चे का जन्म 10-15 साल पहले हुआ है, तो वो ऐसी प्रमाण देने में असमर्थ है. जबकि उनके पास बच्चे के साथ अभिभावक का आधार से लेकर विद्यालय द्वारा प्रमाणित बोनाफाइड कागजात समेत अन्य कई प्रमाण मौजूद है.
बागबेडा पंचायत के उपमुखिया संतोष ठाकुर नें उक्त अधिकारी से कहा हमारे बागबेडा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है और वही दूसरी तरफ पंचायत सचिव का जनता के हितो के कार्य में उदासीन रवैया लगातार देखा जा रहा है. इससे पहले भी उनके द्वारा पुराना रिकॉर्ड ना होने की बात कह कर पुराने जन्म प्रमाण पत्र की ऑनलाइन मोड में परिवर्तन ना करने की शिकायत कई बार बागबेडा कॉलोनी की जनता नें किया है.
प्रखंड विकास पदाधिकारी नें इस समस्या के वास्तविकता को माना और पंचायत सचिव को स्कूल बोनाफाइड को मूल प्रमाण मानते हुए सभी का जन्म प्रमाण पत्र प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आदेश दिया है.