Lahar Chakra

Jamshedpur: टाटानगर से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री के बैग से मिले 1.40 करोड़ रुपये, युवक गिरफ्तार, जानें मामला

Jamshedpur. पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने नियमित जांच के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। युवक के पास मौजूद बैगों की तलाशी लेने पर पुलिस को 1 करोड़ 40 लाख रुपये नकद मिले। इतनी बड़ी रकम बरामद होने के बाद रेलवे पुलिस ने तत्काल नकदी जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ कर रकम के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार युवक के हावड़ा का निवासी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह टाटानगर से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर यात्रा कर रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर जीआरपी की टीम नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। संदेह के आधार पर जवानों ने उसे रोककर उसके सामान की जांच की। इस दौरान बैगों में बड़ी मात्रा में नकदी रखी मिली।

पुलिस ने जब बरामद रुपये की गिनती कराई तो कुल रकम 1 करोड़ 40 लाख रुपये निकली। इतनी बड़ी नकदी के संबंध में पूछताछ करने पर युवक कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। साथ ही वह रुपये कहां से लाया और किस उद्देश्य से ले जा रहा था, इस बारे में भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद जीआरपी ने पूरी रकम जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version