
- कृषि उत्पादन बाजार समिति के द्वारा मानगो हाट के 142 दुकानदारों को अतिक्रमणकारी बताते हुए नोटिस दिये जाने के विरोध में
Jamshedpur. गुरुवार को परसुडीह के प्रशासनिक भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल पणन सचिव अभिषेक आनंद से मिला और नोटिस पर चर्चा की. दुकानदारों ने वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ-साथ समाधान का रास्ता निकालने की मांग की. दुकानदारों ने अतिक्रमणकारी कहलाने के बजाय वैध दुकानदार कहे जाने की भी मांग की. दुकानदारों को नोटिस दिये जाने के बाद गुरुवार की सुबह दुकानदारों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानों को बंद रखा. वे पणन सचिव से वार्ता के लिए कृषि उत्पादन बाजार समिति के प्रशासनिक भवन में पहुंचे थे.
सुबह में दुकान बंद रहने से खरीदारों को थोड़ी बहुत परेशानी हुई. दोपहर के बाद दुकानदारों ने अपनी दुकान खोल दी थी. पणन सचिव अभिषेक आनंद ने कहा कि मानगो हाट में आगजनी के बाद जिन 52 दुकानदारों को टीना शेड देकर बसाया गया था, वे अपने-अपने नाम से दुकान नामांतरण कर नियमित करवा लें. बाकी दुकानदार लिखित रूप में बाजार समिति प्रबंधन को 15 दिनों के अंदर अपना पक्ष दें, ताकि प्रावधान के तहत उनपर विचार किया जा सके. उन्होंने कहा कि मानगो हाट में किसानों के बैठने के लिए शेड बनाया गया था. जिसे दुकानदारों ने पक्कीकरण कर दिया है. किसानों को भी हाट के अंदर बैठने की जगह मिले, ऐसी व्यवस्था तैयार करनी होगी.
