Site icon Lahar Chakra

जमशेदपुर : अमेरिका से लौटाए भारतीयों के मामले में सिखों ने हथकड़ी पहनकर दर्ज कराया विरोध

जमशेदपुर. अमेरिका द्वारा अप्रवासी भारतीयों को हथकड़ी लगाकर वापस भेजने के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन किया गया. ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन के पूर्वी भारत अध्यक्ष सतनाम सिंह गंभीर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर पर अपने हाथों में हथकड़ियां पहनकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया.

सतनाम सिंह गंभीर ने कहा कि अमेरिकी सरकार द्वारा भारतीय नागरिकों को सेना के विमान में हथकड़ियों में जकड़कर भेजना मानवता के खिलाफ है. उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए. सतनाम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के हालिया अमेरिका दौरे के दौरान भी इस मुद्दे पर कोई चर्चा न होना देश का अपमान है.

फेडरेशन ने भारत सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं. पहली, अमेरिका से डिपोर्ट किए जा रहे भारतीयों को सम्मानजनक तरीके से वापस लाया जाए. दूसरी, इन लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं. तीसरी, फर्जी एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, जो लोगों को गलत तरीके से विदेश भेजते हैं.

Exit mobile version