Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: दुर्गापूजा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग का जांच अभियान तेज, होटल आहार, गोल्डी और हल्दीराम समेत 10 होटलों से लिए गए सैंपल, केनेलाइट में मिला एक्सपायर्ड चिकन-मटन

Jamshedpur. दुर्गापूजा के दौरान शहर में खानपान की दुकानों पर बढ़ती भीड़ के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर के अलग-अलग इलाकों में होटल, मिठाई दुकानों और ठेले-खोमचे की जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान साकची स्थित होटल केनेलाइट में एक्सपायर्ड चिकन और मटन मिलने का मामला सामने आया। विभागीय टीम ने दोनों खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग ने कई प्रतिष्ठानों से नमूने भी एकत्र किए हैं। होटल केनेलाइट और होटल आहार से लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। होटल आहार में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और व्यवस्था में कमियां मिलने पर संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

मिठाई दुकानों और होटलों तक पहुंची जांच टीम
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मानगो स्थित गोल्डी होटल और बिष्टुपुर के हल्दीराम से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। त्योहार के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने को देखते हुए विभाग विभिन्न प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता और स्वच्छता की स्थिति पर नजर रख रहा है।

जांच का दायरा केवल बड़े होटलों तक सीमित नहीं रहा। शहर के विभिन्न इलाकों में ठेले-खोमचे पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की भी पड़ताल की गई। इस दौरान कुछ ठेलों पर इस्तेमाल किए जा रहे खराब तेल और मसालों को नष्ट कराया गया। खाद्य सामग्री तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर संचालकों को निर्देश दिए गए।

परसुडीह, स्टेशन रोड, जुगसलाई में भी निरीक्षण
शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने परसुडीह, स्टेशन रोड और जुगसलाई क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों तथा ठेले-खोमचे का निरीक्षण किया। दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, परिसर को स्वच्छ बनाए रखने और किसी भी तरह की मिलावट से बचने की हिदायत दी गई। भोजन बनाने और परोसने के दौरान दस्ताने तथा हेड कवर का इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया गया।

Exit mobile version