Lahar Chakra

Jamshedpur: SSP ने साकची पुलिस अस्पताल की व्यवस्था देखी, दवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का लिया जायजा

Jamshedpur. जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को साकची स्थित पुलिस अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ यातायात डीएसपी नीरज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया।

बताया जाता है कि साकची स्थित इस पुलिस अस्पताल में पुलिस लाइन के पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के अलावा आसपास के सब्जी विक्रेता, ठेला चालक और गरीब मजदूर भी इलाज कराने पहुंचते हैं। एसएसपी ने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक, आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता और उनके रखरखाव की भी समीक्षा की। विशेष रूप से एंटीवेनम जैसी जरूरी दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई।

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित रखा जाए, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। साथ ही मरीजों को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का निर्देश भी दिया।

Exit mobile version