Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: जमशेदपुर की युवती समेत तीन लोगों की समुद्र की लहरों ने ली जान, बेंगलुरु की निजी कंपनी के 16 कर्मचारी घूमने गये थे गोकर्ण, समुद्र में नहाने के दौरान हुआ हादसा

Jamshedpur. कर्नाटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोकर्ण में समुद्र की तेज लहरों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। रविवार को डुब्बनशाशी बीच पर समुद्र में नहाने के दौरान अचानक उठी ऊंची लहरों की चपेट में आने से बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में काम करने वाले तीन कर्मचारियों की डूबकर मौत हो गई। मृतकों में जमशेदपुर की रहने वाली 22 वर्षीय शोभा दास देवेंद्रनाथ भी शामिल हैं। इस घटना की खबर मिलते ही जमशेदपुर में उनके परिजनों के बीच मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु के बेलंदूर स्थित अलोरिका इकोपेस कंपनी के 16 कर्मचारी सप्ताहांत की छुट्टी मनाने गोकर्ण पहुंचे थे।

शनिवार शाम को सभी वहां पहुंचे और समुद्र तट के पास स्थित एक निजी रिजॉर्ट में ठहरे थे। रविवार को समूह के पांच कर्मचारी डुब्बनशाशी बीच पर समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान समुद्र में अचानक तेज और ऊंची लहरें उठीं, जिनकी चपेट में आने से पांचों कर्मचारी बहकर गहरे पानी में चले गए हादसे के बाद समुद्र तट पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर लाइफगार्ड और स्थानीय मछुआरे तत्काल बचाव कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम को सुरक्षित समुद्र से बाहर निकाल लिया गया। दोनों को तत्काल गोकर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति स्थिर है। वहीं, बचाव अभियान के दौरान शोभा दास देवेंद्रनाथ (22), मोहम्मद अकरम इस्माइल अहमद और विश्व एके (24) को नहीं बचाया जा सका। तीनों के शव समुद्र से बरामद कर लिए गए घटना की जानकारी मिलने के बाद गोकर्ण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। जमशेदपुर की शोभा की मौत की खबर से उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

Exit mobile version