Jamshedpur. जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना लेक रोड स्थित घाटी में शनिवार रात करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक बासुदेव टुडू की मौत हो गई। मृतक कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकीडीह टोला हाड़ियाडीह का निवासी था। परिजनों के अनुसार, शनिवार को बासुदेव अपने दो रिश्तेदारों के साथ जमशेदपुर पुरानी बाइक खरीदने आया था। बाइक नहीं मिलने पर तीनों अलग-अलग बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान बासुदेव आगे निकल गया। इसी बीच डिमना घाटी में एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। पीछे आ रहे रिश्तेदारों को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी।
कुछ दूर जाने के बाद जब बासुदेव नहीं दिखा, तो रिश्तेदार वापस उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान वह सड़क किनारे झाड़ियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। इसके बाद पटमदा के जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो की मदद से उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि बासुदेव की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। महज 24 वर्ष की उम्र में उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
