Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: बिष्टुपुर में दो कारोबारी आपस में भिड़े, क्रिकेट बैट से हमला, वीडियो वायरल, थाने में केस दर्ज

Jamshedpur. बिष्टुपुर में दो कारोबारियों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। एक कारोबारी ने दूसरे पर क्रिकेट बैट से हमला करने, गाली-गलौज करने और रास्ता रोककर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद बिष्टुपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगल भवन, जुबली रोड के बंगला नंबर-10 निवासी अजय भालोटिया ने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की रात करीब नौ बजे वह यूनाइटेड क्लब में नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान मिलेनियम टावर निवासी दिलीप मुरारका क्लब से बाहर निकल रहे थे। पुराने परिचय के कारण अजय ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया। आरोप है कि पुरानी बात को लेकर दिलीप ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करते हुए अजय को खींचकर बाहर ले गए। शिकायत के अनुसार, क्लब के सुरक्षा गेट के पास भी अजय के साथ मारपीट की गई। सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया और अजय को वहां से बाहर भेजा।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पूरी घटना का वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अजय ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया। बिष्टुपुर थाने में दो अक्टूबर को दिलीप मुरारका के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस खंगाल रही वायरल वीडियो
पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। घटना के दौरान मौजूद लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा सकती है।

Exit mobile version