Jamshedpur. कमलपुर थाना क्षेत्र के ओड़िया पंचायत अंतर्गत लायाडीह स्थित पत्थर खदान से शुक्रवार को बरामद नाबालिग लड़की के शव के मामले में शनिवार को ओड़िया पंचायत के ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मुआवजे समेत विभिन्न मांगों को लेकर सुबह 11 बजे सैकड़ों महिला-पुरुषों ने कमलपुर थाना गेट के सामने टाटा-पटमदा मुख्य सड़क जाम कर दी। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस पर लड़की का शव चोरी-छिपे उठाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में मृतका के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा, पत्थर खदान में बने गहरे गड्ढों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने तथा परिजनों की सहमति के बिना घटनास्थल से शव उठाने के मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना शामिल है।
जाम का नेतृत्व मुख्य रूप से सोमनाथ मुर्मू, परमेश्वर मुर्मू और निर्मल मुर्मू कर रहे हैं। निर्मल मुर्मू ने बताया कि शुक्रवार देर रात तक प्रशासन के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन किसी सहमति पर पहुंचने से पहले ही पुलिस-प्रशासन शव को पश्चिम बंगाल के रास्ते वहां से ले आया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। दोपहर एक बजे तक धरना स्थल पर लोग नारेबाजी करते रहे। मौके पर पटमदा अंचल के सीआई अजय कुमार मुंडा, इंस्पेक्टर अजय कुमार ठाकुर, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता, कमलपुर प्रभारी धनंजय पासवान एवं बोड़ाम प्रभारी नीरज कुमार समेत काफी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं।
