Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: ओलीडीह में ब्राउन शुगर की बिक्री करते युवक गिरफ्तार, 2.53 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिले के शहरी क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार, 18 अक्टूबर को ओलीडीह ओपी क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर ब्राउन शुगर की बिक्री में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान शंकोसाई रोड नंबर-3 निवासी दूधनाथ यादव के पुत्र राहुल कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 2.53 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र में एक व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने मामले का सत्यापन करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पटमदा पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया।

वसुंधरा एस्टेट मैदान के पास हुई छापेमारी
गुप्त सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट भवन के पास स्थित वसुंधरा एस्टेट मैदान के निकट छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.53 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।

अन्य पैडलरों की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में ओलीडीह ओपी में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है, ताकि कथित मादक पदार्थ के सप्लायर और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Exit mobile version