Jamshedpur. त्योहारों को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन वाहन जांच एवं गश्ती अभियान के दौरान सोनारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोनारी थाना क्षेत्र से 19 वर्षीय युवक गोलू सिंह को 14 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बताया गया कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार गश्ती और वाहन जांच अभियान चला रही है। इसी अभियान के दौरान सोनारी पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है।
