
Mandu. मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा मोड़ के पास बीती रात चरही ओपी में तैनात पुलिस जवान की मौत डीजल चोर का पीछा करने के दौरान कंटेनर पलटने से दब कर हो गयी. मांडू पुलिस ने कंटेनर को सीधा कर शव बाहर निकाला. घटना में जवान का एक हाथ शरीर से अलग हो गया था. चरही पुलिस शनिवार की रात करीब दो बजे 15 माइल के आसपास गश्त कर रही थी. इसी बीच, गश्त में शामिल पुलिस कर्मियों ने डीजल चोर गिरोह को डीजल चोरी करते देखा.
पुलिस को देख डीजल चोर अपने वाहन से रामगढ़ की ओर भागने लगे. गश्त में शामिल अधिकारी ने मांडू थाना को सूचना दी. इसके बाद डीजल चोर बलसगरा मोड़ के पास वाहन खड़ा कर भागने लगे. गश्त में शामिल पुलिस के जवान चोर को दौड़ाने लगा. इसी दौरान हजारीबाग की ओर से तेज गति से आ रहे कंटेनर पुलिस जवान रामाशंकर पांडेय को अपनी चपेट में लेकर पलट गया.
इससे जवान की मौत हो गयी. मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने जवान को एनएचआइ की एंबुलेंस से हजारीबाग भेजवाया. मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार को एंबुलेंस के लोगों ने सूचना दी कि पुलिस जवान का एक हाथ नहीं है. थाना प्रभारी ने टीम के साथ घटनास्थल जाकर खोजबीन की और कटे हाथ को चरही पुलिस को सौंपा. डीजल चोर वाहन व कंटेनर को जब्त कर थाना लाया गया.
