Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: युवक ने पत्नी को लोहे की छड़ से मारा, बेटी को बचाने आयी सास पर भी किया वार, दोनों की मौत, आरोपी गिरफ्तार, जानें मामला?

Ranchi. झारखंड के रांची जिले में एक पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और सास की लोहे की छड़ से हत्या करने के आरोप में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों घायलों ने रविवार को स्थानीय राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान टाटीसिलवे क्षेत्र की रहने वाली ममता देवी (30) और सोनिया देवी (50) के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार रात को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में हुई। अधिकारी के अनुसार, अंगारा इलाके के रहने वाले आरोपी सावन बिरहोर ने अपने ससुराल पहुंचकर अपनी पत्नी से बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर उसने पास ही पड़ी लोहे की छड़ से अपनी पत्नी ममता पर हमला कर दिया। जब उसकी सास अपनी बेटी (उसकी पत्नी) को बचाने आईं, तो उसने उनपर भी लोहे की छड़ से हमला कर दिया।

टाटीसिलवे थाने के प्रभारी हंस उरांव ने बताया, ‘‘दोनों घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां के चिकित्सकों ने उन्हें रिम्स रेफर कर दिया था। रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ममता के भाई पवन महली के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ भी बरामद कर ली है। अधिकारी ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version