Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: नाबालिग लड़की को तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा, नाराज ग्रामीणों ने महिला समेत दो लोगों को पेड़ से बांधकर पीटा, जानें मामला?

Chatra. झारखंड के चतरा जिले में एक नाबालिग लड़की को तीन दिन तक बंधक बनाकर रखने के आरोप में ग्रामीणों ने कथित तौर पर एक महिला और एक व्यक्ति को पेड़ से बांधकर पीटा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना बुधवार को बशिष्टनगर थाना क्षेत्र के घांघरी गांव में हुई। नाबालिग की मां ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि 15 वर्षीय लड़की का फिरौती के लिए अपहरण किया गया है।

मुख्यालय के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ से बचाया और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला ने पुलिस को कहा कि यह साइबर धोखाधड़ी का मामला है, जिसमें लड़की ने कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन से करीब 60,000 रुपये एक अज्ञात व्यक्ति के खाते में हस्तांतरित किए थे।

शिकायत के अनुसार, लड़की आरोपी महिला की बेटी की दोस्त है। वह शनिवार को स्कूल गई थी, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटी। डीएसपी ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा,‘महिला ने एक व्यक्ति की मदद से लड़की को अपने घर में तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा। ग्रामीणों की तलाश तेज होने पर मंगलवार को उसे छोड़ दिया गया। लड़की को धमकी दी गई थी कि वह अपने माता-पिता को इस बारे में कुछ न बताए। पुलिस के अनुसार, नाबालिग ने अपने माता-पिता को बताया कि आरोपी उसे बेचने की योजना बना रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि बुधवार को ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और कथित तौर पर उनकी पिटाई की। बशिष्टनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि आरोपी महिला का दावा है कि उसे साइबर धोखाधड़ी का संदेह था और वह लड़की से 60,000 रुपये मांग रही थी।

Exit mobile version