
Chatra. झारखंड के चतरा जिले में एक युवक ने अपनी मां के प्रेमी की कथित तौर पर हत्या कर शव को दफना दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह वारदात लावालॉन्ग थाना क्षेत्र के तुंगुन गांव में एक महीने पहले हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मंधानिया के घने जंगल से मृतक का शव बरामद किया गया।
अनुमंल पुलिस अधिकारी (सिमारिया) नागरागोजे शुभम भाऊसाहेब ने बताया, “मुख्य आरोपी राकेश मुंडा ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर गुड्डू मुंडा को मंधानिया घाटी के पास चलती बस से जबरदस्ती खींच लिया। आरोपियों ने गुड्डू की पिटाई की, उसे जंगल में ले गए और उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को 30 मार्च को वहीं दफना दिया गया।”
उन्होंने बताया, “यह वारदात गुड्डू और मुख्य आरोपी राकेश की मां के बीच प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के कारण हुई। अधिकारी ने बताया कि मृतक के पिता द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराने के बाद 15 मई को मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया, “पुलिस ने तकनीकी निगरानी का उपयोग करते हुए एक आरोपी महेश गंजू का पता लगाया और उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शव बरामद किया। पुलिस ने बताया कि चतरा जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी तीन आरोपियों महेश, नितेश कुमार और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी राकेश को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
