Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: एसीबी की टीम ने 20 हजार रुपये घूस लेते कर्मचारी को रंगे हाथ किया गिरफ्तार, जमीन दाखिल-खारिज करने के बदले ले रहा था रिश्वत

Dhanbad.धनबाद से आयी एसीबी की टीम ने गावां प्रखंड के हल्का नंबर 8 एवं 9 सेरुआ व सांख में पदस्थापित हल्का कर्मचारी आलोक शंकर त्रिगुणायत को 20 हजार रुपये घूस लेते उसके किराये के मकान से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. कर्मचारी उक्त मकान में किराये पर रहता था. कर्मचारी ने सांख निवासी राजू प्रसाद यादव के दाखिल-खारिज करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की थी. सांख में गायत्री देवी के नाम से खाता संख्या 194 प्लॉट संख्या 194 व 280 रकबा 18.64 डिसमिल जमीन है, जिसका दाखिल खारिज करने के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया गया था.

इसके बाद राजस्व कर्मचारी आलोक से मुलाकात कर दाखिल-खारिज करने का अनुरोध किया था. कर्मचारी ने दाखिल-खारिज के एवज में 50 हजार की मांग की थी. इसको लेकर परिवादी ने धनबाद एसीबी कार्यालय में आवेदन दिया था. आवेदन के बाद एसीबी ने एक टीम का गठन किया. परिवादी प्रथम किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेकर कर्मचारी के गावां स्थित किराये के मकान(बेलू राम का घर) पहुंचा. परिवादी ने 20 हजार रुपये कर्मचारी के हाथ में दिया. रुपये लेते ही एसीबी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया व अपने साथ धनबाद ले गयी. एसीबी के रेड की सूचना गावां में आग की तरह फैल गयी और कार्रवाई देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी.

Exit mobile version