
Ranchi.कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड हुसीर मिलन चौक के समीप गुरुवार को हुए सड़क हादसे में सीएनआइ चर्च के सेवानिवृत्त पादरी सुदर्शन पॉल लुगुन (60), उनकी धर्मपत्नी उषा लुगुन (55) और मनातू निवासी मित महतो (17) की मौत हो गयी. हादसा शाम करीब चार बजे हुआ. मृतक दंपती कोकर के खोरहा टोली के रहनेवाले थे. हादसे में बाइक सवार सुमित की भी मौत हो गयी जबकि उसके दोस्त सचिन मुंडा की स्थिति गंभीर बनी हुई है. उसका इलाज रिम्स में चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुजुर्ग दंपती अपनी स्कूटी से जा रहे थे. उसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी सवार सुदर्शन पॉल लुगुन और उनकी पत्नी उषा लुगुन को धक्का मार दिया. हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग दंपती और बाइक सवार सुमित महतो व सचिन मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे की सूचना मिलते ही कांके पुलिस मौके पर पंहुची. घायलों को एंबुलेंस की मदद से रिम्स भेजा गया, जहां डाक्टरों ने बुजुर्ग दंपती और सुमित महतो को मृत घोषित कर दिया. सुमित के बड़े भाई की शादी शुक्रवार को ही होनेवाली है.
निर्माणाधीन मकान देखने गये थे
सुदर्शन पॉल लुगुन अपनी पत्नी उषा लुगुन के साथ गुरुवार शाम करीब 4:00 बजे कांके हुसीर रिंग रोड के समीप अपने निर्माणाधीन मकान का काम देखने गये थे. वे कुछ दिनों में यहां गृह प्रवेश करनेवाले थे. मृतक पादरी पूर्व में रांची पेरिश संत पॉल्स कैथेड्रल चर्च बहुबाजार में पेरिश प्रिस्ट भी रह चुके थे और कोकर पेरिश प्रिस्ट के रूप में योगदान देकर 28 जनवरी को ही सेवानिवृत्त हुए थे. बुजुर्ग दंपती अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री सृष्टि को छोड़ गये हैं. उनके असमय निधन पर सीएनआइ चर्च कलीसिया छोटानागपुर डायसिस में शोक की लहर है.
