Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: हथियारबंद हमलावरों ने होटल में की अंधाधुंध गोलीबारी, बाल-बाल बचे कर्मचारी

Hajaribag . झारखंड के हजारीबाग जिले में एक होटल पर हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की और इस दौरान होटल का एक सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात को कोर्रा थाना क्षेत्र के मतवारी इलाके में हुई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारी ने बताया, ”हमलावर कार से मौके पर पहुंचे और होटल के प्रवेश द्वार पर पहुंचते ही अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में दरवाजे का शीशा टूट गया, जबकि सुरक्षाकर्मी और अन्य कर्मचारी बाल-बाल बच गए। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया, ”प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि होटल मालिक को डराकर उससे रंगदारी वसूलने के इरादे से गिरोह के सदस्यों ने गोलीबारी की। घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।”

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रूपक कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला है कि घटना में तीन बंदूकधारी शामिल थे। उन्होंने बताया कि होटल का मालिक कोयला परिवहन का काम भी करता है। अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावर कुख्यात राहुल दुबे गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, हालांकि इसकी पुष्टि आगे की जांच के बाद ही हो सकेगी।

Exit mobile version