Ranchi. ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रज मोहन राम ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 18 अक्टूबर (रविवार) को पदभार ग्रहण करेंगे। राम, हरि बाबू कंभमपति का स्थान लेंगे, जिन्होंने तीन जनवरी, 2025 को पदभार संभाला था। राम ने यहां मोराबादी स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, मैं नवरात्र के शुभ अवसर पर 18 अक्टूबर को ओडिशा के राज्यपाल का पदभार ग्रहण करूंगा। तीन बार भाजपा सांसद रह चुके राम के एक करीबी सहयोगी ने बताया कि वह 17 अक्टूबर को ओडिशा के लिए रवाना होंगे और अगले दिन शपथ लेंगे।
राम ने कहा, मैं सभी के साथ समन्वय बनाकर काम करूंगा। राज्य का विकास मेरी प्राथमिकता होगी। शिक्षा, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे और बिजली, पानी जैसी बुनियादी समस्याओं सहित संवैधानिक दायरे में आने वाले अन्य सभी मामले मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होंगे।’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड के पलामू जिले के मूल निवासी ब्रज मोहन राम को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया था। राम ने अविभाजित बिहार में 1996, 1998 और 1999 में तीन बार पलामू लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में भी काम किया था।
