
Ranchi.झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर बड़ी खबर सामने आयी है. इस योजना के क्रियान्वयन में आंशिक संशोधन की स्वीकृति दी गयी है. मार्च-2025 के बाद से आधार लिंक सिंगल बैंक खाताधारी को ही मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिलेगा. दरअसल, मंईयां सम्मान योजना का लाभ मार्च तक उन महिलाओं को भी मिलेगा, जिनका अकाउंट आधार नंबर से लिंक्ड नहीं है. हेमंत सरकार ने वैसी सभी महिलाओं को मार्च 2025 तक सम्मान राशि देने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में मंगलवार 25 मार्च को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया. मंईयां सम्मान योजना में किए गए इस आंशिक संशोधन की जानकारी कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने दी.
कैबिनेट की बैठक में कुल 16 प्रस्तावों पर मुहर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मंत्रालय में हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 16 प्रस्तावों पर मंजूरी प्रदान की गई. कैबिनेट ने झारखंड सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विशेष छूट विधेयक 2025 के गठन की स्वीकृति प्रदान की है. एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए कैबिनेट ने झारखंड सचिवालय सेवा अंतर्गत सहायक प्रशाखा पदाधिकारी की कोटि से प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर प्रोन्नति से संबंधित झारखंड सचिवालय सेवा नियमावली 2010 के अंतर्गत सीमित प्रतियोगिता परीक्षा से संबंधित प्रावधान को एक वारीय सुविधा के रूप में शिथिल करने की स्वीकृति प्रदान की है.
मनरेगा योजना में गड़बड़ी पर तत्कालीन बीडीओ बर्खास्त
मनरेगा योजना में गड़बड़ी करने के आरोप में निलंबित लातेहार के मनिका के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी साधना जयपुरियार की सेवा बर्खास्त करने की स्वीकृति प्रदान की गई.
कैबिनेट ने इन प्रस्तावों को भी दी स्वीकृति
हेमंत सोरेन कैबिनेट ने झारखंड सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (विशेष छूट) विधेयक-2025 के गठन की स्वीकृति दी है. इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 के तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी की घटनोत्तर स्वीकृति दी गयी है.
