
Ranchi. झारखंड जगुआर का 17 वां स्थापना दिवस शुक्रवार को रांची के टेंडरग्राम में मनाया गया. इस दौरान जगुआर के कमांडो दस्ते ने नक्सलियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने राज्य में उग्रवाद उन्मूलन के लिए झारखंड जगुआर द्वारा की जा रही कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा कि राज्य में कार्यरत अर्द्धसैनिक बलों के साथ मिलकर एसटीएफ ने अत्यंत दुर्गम व संवेदनशील बूढ़ा पहाड़, ट्राइ जंक्शन व अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
नक्सलियों की संख्या व हिंसा में जो कमी आयी है, उसमें वह एसटीएफ के उच्च नेतृत्व व उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिचायक है. एसटीएफ के आइजी अनूप बिरथरे ने झारखंड जगुआर द्वारा 17 वर्षों में उग्रवाद उन्मूलन की दिशा में किये गये उपलब्धियों को साझा किया. एसटीएफ के विभिन्न वर्गों द्वारा 297 नक्सलियों की गिरफ्तारी की गयी है. वहींं विभिन्न अभियानों में 34 दुर्दांत उग्रवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया है. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डीजी एमएस भाटिया, एडीजी अभियान डॉ संजय आनंदराव लाठकर, एडीजी ट्रेनिंग एंड आधुनिकीकरण सुमन गुप्ता, एडीजी जैप प्रिया दुबे के अलावा कई पुलिस पदाधिकारी व उनके परिजन मौजूद थे.
