Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Police: पुलिस लाइन में कानून के रखवाले ही खेल रहे थे जुआ, छापेमारी में पकड़ाए 10 पुलिसवाले

Ranchi. रांची में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी ही पुलिस लाइन परिसर में जुआ खेलते पकड़े गए। मामले में रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी के खिलाफ विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

शिकायत के बाद पुलिस लाइन में छापेमारी
जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस लाइन परिसर में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा जुआ खेलने और खिलाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। इसके बाद एक विशेष टीम गठित की गई। शनिवार को सार्जेंट मेजर को पुलिस लाइन में जुआ खेले जाने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने चिह्नित स्थान पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेल रहे 10 पुलिसकर्मियों को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने सभी 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग ने इनके खिलाफ अनुशासनात्मक और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

सार्जेंट मेजर आनंद राज खलखो ने 10 पुलिसकर्मियों के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन में जुआ खेलने का मामला सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस लाइन जैसे महत्वपूर्ण परिसर में इस तरह की घटना सामने आने से पुलिस महकमे में हलचल है। साथ ही पुलिसकर्मियों के अनुशासन और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Exit mobile version