Site icon Lahar Chakra

झारखंड को मिलेंगे 250 नए डॉक्टर, CM हेमंत सोरेन 25 सितंबर को बांटेंगे नियुक्ति पत्र

Ranchi : झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. राज्य सरकार 25 सितंबर को रांची के प्रोजेक्ट भवन में एक विशेष समारोह का आयोजन करने जा रही है, जिसमें लगभग 250 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे.

इस कार्यक्रम में खुद मुख्यमंत्री डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे. नियुक्त होने वाले डॉक्टरों में 100 नियमित सरकारी डॉक्टर और करीब 150 संविदा (अनुबंध आधारित) डॉक्टर शामिल हैं. इससे राज्य के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है.

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सरकार लगातार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने पर ध्यान दे रही है. इसी क्रम में हाल ही में 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (CHOs) को भी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं. इसके अलावा 126 संविदा डॉक्टरों को पहले ही नियुक्ति पत्र सौंपे जा चुके हैं.

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नए डॉक्टरों की नियुक्ति से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इलाज की सुविधा में सुधार होगा और स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता आएगी. राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर और चिकित्सा कर्मी उपलब्ध हों, ताकि लोगों को इलाज के लिए शहरों की ओर न भागना पड़े.

Exit mobile version