Site icon Lahar Chakra

मिशनरी स्कूल के प्रिंसिपल ने आदिवासी महिला से दुष्कर्म, गोलियां खिलाकर कराया गर्भपात, आरोपी फरार, तलाश रही पुलिस

Godda . झारखंड के गोड्डा जिले में एक आदिवासी महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में एक निजी मिशनरी स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र की है। आदिवासी महिला के बयान के आधार पर रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
सुंदरपहाड़ी थाने के प्रभारी अधिकारी विधानचंद्र पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मिशनरी स्कूल के प्रधानाचार्य थॉमस सोरेन (32) के खिलाफ 40 वर्षीय महिला रसोइये से दुष्कर्म और उसका यौन शोषण करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को सोमवार को चिकित्सकीय जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।”

उन्होंने बताया कि पीड़िता प्रधानाचार्य के घर में रसोइये के रूप में काम करती थी, जबकि उसका पति स्कूल के बच्चों के लिए खाना बनाता था।
थाना प्रभारी ने कहा, आरोपी ने करीब चार से पांच महीने तक महिला का यौन शोषण किया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई और आरोपी ने उसे गर्भपात की गोलियां दीं। गोलियां खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।”

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने महिला को घटना के बारे में किसी को बताने पर उनके बच्चे को स्कूल से निकाल देने और दोनों को नौकरी से भी हटा देने की धमकी दी थी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

Exit mobile version